सीएम डॉ. मोहन यादव ने नरसिंह घाट पर लगाई डुबकी:तैराकों को पीछे छोड़ शिप्रा नदी में तैरे मुख्यमंत्री, कहा-पर्यटकों के लिए बना रहे नई बिल्डिंग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार सुबह महाकाल मंदिर की भस्म आरती में शामिल होने के बाद नरसिंह घाट पर शिप्रा नदी में डुबकी लगाने पहुंचे। यहां उन्होंने शिप्रा नदी के तैराक को पीछे करते हुए खुद डुबकी लगाने की इच्छा जाहिर की और तैरते हुए बीच नदी तक पहुंचे। सीएम ने स्नान के बाद घाट पर भगवान शिव का पूजन किया। सीएम डॉ. यादव मुख्यमंत्री बनने के बाद नरसिंह घाट पर दूसरी बार डुबकी लगाने पहुंचे। यहां पानी काफी गहरा होने के चलते सुरक्षाकर्मी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने घाट पर आते ही शिप्रा नदी में डुबकी लगा दी। कुछ दूरी तक तैरते हुए भी गए। शिप्रा स्नान करने के बाद सीएम ने घाट पर ही भगवान शिव का पूजन किया। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भगवान नरसिंह का ये स्थान और भगवान के तांडव से जुड़ा है। मान्यता है कि यहीं पर नरसिंह भगवान ने अपना रूप धारण किया था। सीएम ने कहा कि मेरी यहां शिप्रा में हर साल स्नान करने की कोशिश रहती है। लोग यहां पूरे वर्ष स्नान करते हैं। आज दिनभर एक साथ दो-तीन कार्यक्रम हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र है, यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इसके लिए माधव सेवा न्यास में नई बिल्डिंग बनकर तैयार होगी, जिससे उन्हें रुकने के लिए स्थान मिलेगा। फिर निषाद राज का बड़ा कार्यक्रम है और फिर सावन का महीना है इसलिए 1 करोड़ 27 लाख बहनों के खाते में राशि डाली जाएगी।
Admin