मंदाकिनी नदी में बाढ़ से चित्रकूट में जलभराव:रामघाट समेत सभी घाट डूबे, नावों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

मंदाकिनी नदी में बाढ़ से चित्रकूट में जलभराव:रामघाट समेत सभी घाट डूबे, नावों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
सतना के चित्रकूट में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट और भरतघाट समेत सभी प्रमुख घाट डूब गए हैं। बाढ़ का पानी पुरानी लंका तिराहा और MPT तिराहा तक पहुंच गया है। सड़कों पर चल रही नाव स्थानीय लोगों ने बताया कि यह स्थिति 2003 की विनाशकारी बाढ़ की याद दिला रही है। पुरानी लंका तिराहे पर सड़कों पर नावें चल रही हैं। स्थानीय नाविक फंसे हुए लोगों को नावों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। गुप्त गोदावरी की गुफा जलमग्न प्रसिद्ध पर्यटक स्थल गुप्त गोदावरी की गुफा पूरी तरह जलमग्न हो गई है। पहाड़ी इलाकों में बारिश का प्रकोप जारी है। मंदिर और आसपास की दुकानें भी पानी में डूब गई हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे न जाने और सतर्क रहने की अपील की है। चित्रकूट SDM एपी द्विवेदी ने बताया- मंदाकिनी नदी पूरे उफान पर है। एनडीआरएफ और एसडीईआरएफ की टीमों के साथ प्रशासन स्थितियों पर पूरी नजर बनाए हुए है। लोगों को नदी के आसपास के इलाकों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए अनाउंसमेंट कराया जा रहा है। देखें बाढ़ की तस्वीरें