दतिया में निर्माण में गड़बड़ी और लापरवाही पर कार्रवाई:तीन अधिकारी निलंबित, उपयंत्री को नोटिस; अंबेडकर भवन में घटिया सामग्री मिली

दतिया में निर्माण में गड़बड़ी और लापरवाही पर कार्रवाई:तीन अधिकारी निलंबित, उपयंत्री को नोटिस; अंबेडकर भवन में घटिया सामग्री मिली
दतिया जिला पंचायत CEO अक्षय कुमार तेम्रवाल ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग और ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। जांच में गैरहाजिरी, रिकॉर्ड छिपाने और निर्माण कार्यों में गड़बड़ी मिलने पर तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा कार्यालय में सहायक ग्रेड-2 अतुल श्रीवास्तव को उपस्थिति पंजी छिपाने के आरोप में निलंबित किया गया। उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा कार्यालय रहेगा। इसी दौरान लेखपाल भारती सेठी, सहायक ग्रेड-3 रामकुमार सोनी, सुधीर कुमार और क्रीड़ा अधिकारी सुनील शर्मा गैरहाजिर मिले, जिनकी एक दिन की वेतन कटौती की जाएगी। इसी तरह ग्राम पंचायत ललउआ में सांसद निधि से बन रहे अंबेडकर भवन में घटिया सामग्री के उपयोग पर सचिव रामजीवन दांगी को निलंबित किया गया। चरबरा पंचायत के सचिव सुधीर यादव को निर्माण कार्यों के भुगतान में कमीशन मांगने के आरोप में निलंबित किया गया। निर्माण कार्य में तकनीकी गड़बड़ियों के लिए उपयंत्री मुकेश मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिनसे सात दिन में जवाब मांगा गया है।