डीके शिवकुमार बोले- गांधी परिवार मेरा भगवान, मैं उनका भक्त:आखिरी सांस तक कांग्रेसी रहूंगा, RSS प्रार्थना से किसी को ठेस पहुंची तो माफी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रार्थना गाने को लेकर विवाद के बीच कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंगलवार को फिर से सफाई दी। उन्होंने बेंगलुरु में कहा- 'मैं गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराना चाहता हूं। मैं कांग्रेस में पैदा हुआ और कांग्रेस में ही मरूंगा। पूरे देश में यह संदेश देना चाहता हूं कि मैं कांग्रेस के साथ पूरी तरह समर्पित हूं। गांधी परिवार मेरे लिए भगवान है और मैं उनका भक्त हूं। डिप्टी सीएम ने कहा- मेरा इरादा कभी भी RSS की तारीफ करने का नहीं था। भाजपा ने मुझे तिहाड़ जेल में डालकर परेशान किया था। अगर किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं माफी मांगता हूं। दरअसल, डीके शिवकुमार ने 21 अगस्त को विधानसभा में RSS की प्रार्थना गीत 'नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे' की कुछ लाइनें गाई थीं। इसके बाद कांग्रेस से उनकी तनातनी की अटकलें तेज हो गई थीं। कहा जा रहा था कि वे कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। शिवकुमार ने बहस के दौरान संघ प्रार्थना गाई थी
कर्नाटक विधानसभा में 21 अगस्त को चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ (4 जून) पर चर्चा हो रही थी। इस दौरान विधानसभा में भाजपा विधायक आर. अशोक ने शिवकुमार की ओर इशारा करते हुए कहा कि कर्नाटक सरकार को RCB भगदड़ की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इस पर डिप्टी CM शिवकुमार ने कहा कि उन्हें भाजपा की चालों के बारे में सब पता है। फिर उन्होंने भाजपा विधायक के साथ बहस के दौरान RSS की प्रार्थना 'नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे' की 2 लाइनें गा दीं। इस दौरान कांग्रेस खेमे के साथ-साथ विपक्ष भी चौंक गया। सोशल मीडिया पर शिवकुमार का यह वीडियो वायरल भी हो गया। शिवकुमार ने अगले दिन कहा था- मैं जन्मजात कांग्रेसी हूं
शिवकुमार ने 22 अगस्त को मामले पर अपनी सफाई दी थी। उनसे विधानसभा के बाहर जब पूछा गया कि क्या विधानसभा में RSS वंदना पढ़ना किसी तरह का संकेत था, तो उन्होंने कहा कि मैं जन्मजात कांग्रेसी हूं। मेरा खून, मेरा जीवन, सब कुछ कांग्रेस में है। मैं पूरी ताकत से कांग्रेस का नेतृत्व करूंगा। 24 अगस्त: डीके शिवकुमार के बाद कांग्रेस विधायक ने गाया नमस्ते सदावत्सले कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के बाद 24 अगस्त को कांग्रेस विधायक ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रार्थना नमस्ते सदावत्सले गाई थी। तुमकुरु जिले के कुनिगल से विधायक एचडी रंगनाथ ने रविवार को पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान 'नमस्ते सदावत्सले मातृभूमे' की पंक्तियां पढ़ीं और इसे बहुत अच्छा गीत बताया। उन्होंने कहा, मैंने इसे पहली बार तब सुना जब डिप्टी सीएम ने विधानसभा में गाया। मुझे इसमें कोई बुराई नहीं लगती। हमारी पार्टी सेक्युलर है और हमें दूसरों से अच्छी बातें अपनानी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें... .................................... कर्नाटक से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें... सिद्धारमैया बोले- बेंगलुरु भगदड़ के लिए सरकार नहीं हालात जिम्मेदार, ऐसे हादसे दुनियाभर में होते हैं कर्नाटक विधानसभा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को बेंगलुरु भगदड़ पर जवाब देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सिर्फ कर्नाटक में नहीं, बल्कि देश और दुनिया में कई बार हुई हैं। पिछले 10 सालों में भाजपा शासित राज्यों में ही 20 भगदड़ हो चुकी है। पूरी खबर पढ़ें...
Admin