छतरपुर में 26 इंच बारिश से बाढ़ जैसे हालात:पुखराव नाले पर कच्चा रपटा बहा; शनिवार को 1लीं से 8वीं तक स्कूलों की छुट्टी
छतरपुर में गुरुवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। जिले में अब तक 660.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 12 जुलाई तक कुल 4686 मिमी वर्षा हो चुकी है। लगातार बारिश के कारण कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने शनिवार को क्लास 1 से 8वीं तक के बच्चों की एक दिन की छुट्टी घोषित की है। पिछले 24 घंटों में छतरपुर में 136 मिमी, बिजावर में 127 मिमी, गौरिहार में 102 मिमी, नौगांव में 96 मिमी, राजनगर में 64.2 मिमी, बड़ामलहरा में 55.4 मिमी, लवकुशनगर में 44 मिमी और बक्सवाहा में 36 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। पुखराव नाले पर कच्चा रपटा बहा बारिश के चलते बमीठा थाना क्षेत्र में पुखराव नाले पर बना अस्थायी कच्चा रपटा बह गया। इससे धोरन, पलकुआ और खरियानी सहित कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है। भगवा थाना क्षेत्र के सिजवाहा गांव में कठान नदी के टापू में फंसे एक किशोर को SDRF की टीम ने बचाया। कटारा में नदी का जलस्तर बढ़ा इसी तरह बन्ने नदी के उफान से सटई और झमटुली गांव प्रभावित हुए हैं। ग्राम पंचायत कटारा में नदी का जल स्तर 4 फीट तक पहुंच गया है। जटाशंकर धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, लेकिन बारिश के कारण सीढ़ियों और पहाड़ी रास्तों पर झरनों का तेज बहाव है। छतरपुर-बमीठा-पन्ना मार्ग पर केन नदी का 75 वर्ष पुराना पुल सुरक्षित है। 425 मीटर लंबे इस पुल में 21 स्पान हैं। ईसानगर विकासखंड के तरपेड़ जलाशय में जलभराव 70% तक पहुंच गया है। वेस्ट वियर से 1206 क्यूमेक्स पानी का बहाव जारी है। भेल्सी, हिलगुवां, ईसानगर, सीगौन, दिदौल और पठादा के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Admin