खाद के लिए 40 डिग्री तापमान में किसानों की लाइन:सुबह 7 बजे से मंडी पहुंचे किसान, झुलसाने वाली धूप में घंटों किया इंतजार
मानसूनी सीजन की शुरुआत के साथ ही जिले में किसानों ने खरीफ फसलों की तैयारी तेज कर दी है। इसी के चलते डीएपी खाद की मांग काफी बढ़ गई है। बंडा मंडी परिसर स्थित डबल लॉक गोदाम में किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। किसानों की भीड़ इतनी ज्यादा है कि 1800 बोरी के स्टॉक के मुकाबले जरूरतमंदों की संख्या कहीं अधिक है। सुबह 7 बजे से ही महिला और पुरुष किसान लंबी कतार में खड़े हो रहे हैं। इस दौरान न छाया है और न ही पीने का पानी। महिला बोलीं- सुबह से भूखे-प्यासे खड़े हैं इस समय भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। ऐसे में किसान 40 डिग्री तापमान की भीषण गर्मी में घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। सिमरिया से आईं उमरानी ने बताया कि सुबह 7 बजे से लाइन में हूं, लेकिन अब तक खाद नहीं मिला। धूप में भूखे-प्यासे खड़े हैं। वहीं मीराबाई ने कहा कि धूप में झुलस रहे है। सुबह से भूखे-प्यासे हैं। गर्मी के कारण चक्कर आने लगे हैं। यहां पर न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही बैठने के लिए छाया। 1800 बोरी खाद का है स्टाक
वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी यूएस अहिरवार ने बताया कि डबल लॉक गोदाम में 1800 बोरी डीएपी का स्टॉक है। मांग अधिक होने से भीड़ ज्यादा हो रही है। किसानों की सुविधा के लिए तीन काउंटर पर खाद वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छाया और अन्य व्यवस्थाओं के निर्देश गोदाम संचालक को दिए गए हैं। खाद की और उपलब्धता के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भी जानकारी भेज दी गई है।
Admin