कूनो में नामीबिया से लाई गई चीता नभा की मौत:चोट से घायल हुई थी 8 साल की मादा, एक हफ्ते से चल रहा था इलाज
नामीबिया से श्योपुर के कूनो लाई गई 8 साल की मादा चीता नभा की शनिवार (12 जुलाई) को मौत हो गई। वन विभाग के अनुसार नभा एक हफ्ते पहले अपने सॉफ्ट रिलीज बोमा में घायल मिली थी। शिकार के दौरान चोटिल हुई नभा के बाएं पैरों में फ्रैक्चर था। एक सप्ताह तक डॉक्टरों की एक्सपर्ट टीम ने उसका इलाज किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से चलेगा। नभा की मौत के बाद कूनो में अब 26 चीते बचे हैं। इनमें 9 वयस्क चीते हैं, जिनमें 6 मादा और 3 नर शामिल हैं। साथ ही 17 भारत में जन्मे शावक भी हैं। वन विभाग के मुताबिक सभी चीते स्वस्थ हैं। वर्तमान में 16 चीते खुले जंगल में स्वतंत्र रूप से घूम रहे हैं। ये नियमित रूप से शिकार कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार ये चीते कूनो के पारिस्थितिकी तंत्र के अनुकूल हो चुके हैं। सभी चीतों को हाल ही में एंटी एक्टो-परजीवी दवा दी गई है। मादा चीते वीरा और निर्वा अपने शावकों के साथ स्वस्थ हैं। गांधीसागर अभयारण्य में रखे दो नर चीते भी स्वस्थ हैं।
Admin