MPL में इंदौर पिंक-पैंथर्स का पहला मैच 14 जून को:फ्रेंचाइजी मोयरा ग्रुप के प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम से दो रॉ टैलेंट को मौका, वेंकटेश करेंगे कप्तानी
मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग-2025 (एमपीएल ) के सीजन-2 के लिए मोयरा ग्रुप की फ्रेंचाइजी क्रिकेट टीम ‘इंदौर पिंक पैंथर्स’ नए जोश और रणनीति के साथ मैदान में उतरने को तैयार है। इस बार टीम की कमान भारतीय टीम के उभरते ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को सौंपी गई है। पिछली बार टीम का नेतृत्व रजत पाटीदार ने किया था। ग्वालियर में MPL-2 की शुरुआत 12 जून से हो रही है। जो 24 जून तक चलेगा। पहले यह टूर्नामेंट 27 मई से इंदौर में होना था। लेकिन "ऑपरेशन सिंदूर" और आईपीएल कार्यक्रम में हुए बदलावों और मानसून के कारण आयोजन स्थल और तारीखों में संशोधन किया गया है। इंदौर पिंक पैंथर्स की 18 सदस्यीय टीम में कई युवा और अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें कप्तान वेंकटेश अय्यर, कुलवंत खेजरोलिया, अक्षत रघुवंशी, अर्पित गौड़, राहुल चंद्रोल, मिहिर हिरवानी, और विक्रांत सिंह भदौरिया प्रमुख हैं। एमपीएल 2025 में इंदौर पिंक पैंथर्स की पहली भिड़ंत 14 जून को जबलपुर रॉयल लायंस से होगी। विमल तोड़ी बोले -इंदौर की फ्रेंचाइजी हमारे लिए गर्व की बात मोयरा ग्रुप के फाउंडर और चेयरमेन विमल तोड़ी ने कहा कि इंदौर की फ्रेंचाइजी हमारे लिए केवल गर्व की बात नहीं, बल्कि यह हमारी खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है। 'इंदौर पिंक पैंथर्स' के जरिए हम युवा खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच देना चाहते हैं, ताकि वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें। हमें विश्वास है कि यह टीम न केवल मैदान पर शानदार प्रदर्शन करेगी, बल्कि प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में भी जगह बनाएगी। मैनेजिंग डायरेक्टर अविनाश तोड़ी ने कहा “इंदौर पिंक पैंथर्स' में युवा ऊर्जा और अनुभवी सोच का बेहतरीन संगम है। हमारा चयन सिर्फ नाम के आधार पर नहीं, बल्कि जज्बे, प्रतिभा और टीम भावना को ध्यान में रखकर किया गया है। हमारी टीम क्रिकेटिंग टैलेंट को पहचान-प्लेटफॉर्म देने का मिशन- जैन इंदौर पिंक पैंथर्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट संदीप जैन ने कहा इंदौर पिंक पैंथर्स सिर्फ एक टीम नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के क्रिकेटिंग टैलेंट को पहचान और प्लेटफॉर्म देने का एक मिशन है। हमारा उद्देश्य ट्रॉफी जीतने से कहीं बड़ा है। हम राज्य की छिपी हुई प्रतिभाओं को तराश कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना चाहते हैं। हमें गर्व है कि इस बार दो होनहार युवा खिलाड़ी हमारे प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम से चयनित होकर टीम का हिस्सा बने हैं।
Admin