50-ऑटो पर लगाए नशे से दूरी है जरूरी के बैनर:रिक्शा चालकों ने निकाली जागरूकता रैली, खरगोन पुलिस का नशा मुक्ति संदेश
खरगोन के जैतापुर थाना पुलिस ने शनिवार सुबह एक अनूठी पहल की। थाना क्षेत्र के 50 से अधिक ऑटो रिक्शा चालकों के साथ मिलकर नशा जागरूकता अभियान शुरू किया गया। सभी ऑटो पर “नशे से दूरी है जरूरी” का संदेश देने वाले स्थायी बैनर लगाए गए, जो शहर में चलते हुए लोगों को लगातार नशामुक्ति का संदेश देते रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे थाना परिसर से हुई, जहां ऑटो चालकों ने नशा न करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। टीआई ने बताए नशे के दुष्प्रभाव
थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने नशे से होने वाली बीमारियों और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने कहा- "नशा करने से कैंसर, हार्ट अटैक, फेफड़ों की बीमारियां, हाई ब्लड प्रेशर, मानसिक तनाव और याददाश्त कमजोर होने की समस्याएं हो सकती हैं। नशा न केवल शरीर बल्कि परिवार और समाज को भी नुकसान पहुंचाता है।" स्वस्थ समाज की अपील
थाना प्रभारी ने सभी से स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की और कहा कि नशा मुक्त समाज ही एक बेहतर समाज की नींव है। इस अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया गया है। देखिए तस्वीरें...
Admin