शिवपुरी के मडरका तालाब में डूबे मछुआरे का शव मिला:SDERF ने 15 घंटे बाद निकाला; गहराई का अंदाजा नही लगा पाने से डूबा
शिवपुरी जिले के मडरका गांव में शुक्रवार शाम तालाब में डूबे युवक का शव 15 घंटे बाद शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। एसडीईआरएफ की टीम ने लगातार सर्चिंग के बाद सुबह करीब 9 बजे शव को तालाब से खोज निकाला। जानकारी के अनुसार, श्यामू पिता ख्यालु आदिवासी (42), निवासी नोनेटा खुर्द, थाना पोहरी शुक्रवार को अपने भाई बीरबल के साथ मछली पकड़ने मडरका गांव के तालाब पर आया था। मछली पकड़ते समय श्यामू गहराई में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और तालाब के किनारे पुलिस बल तैनात किया गया। एसडीईआरएफ की टीम को तत्काल बुलाया गया, जिसने शुक्रवार शाम सर्चिंग शुरू की थी। 15 घंटे बाद मिला शव इसके बाद रात अधिक होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा, लेकिन शनिवार सुबह फिर से सर्चिंग शुरू की गई। करीब 15 घंटे बाद सुबह 9 बजे टीम ने युवक का शव बरामद किया। पहली बार आने से गहराई का अंदाजा नही लगा परिजनाें ने बताया कि श्यामू और उसका भाई पेशे से मछुआरे हैं, लेकिन श्यामू पहली बार इस तालाब में आया था। गहराई का अंदाजा न लगने की वजह से यह हादसा हो गया। बैराड़ पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Admin