यूपी पुलिस को गैंगस्टर का चैलेंज, बदला लेंगे:दिशा पाटनी के घर फायरिंग में शूटरों के ढेर होने पर बौखलाया

यूपी पुलिस को गैंगस्टर का चैलेंज, बदला लेंगे:दिशा पाटनी के घर फायरिंग में शूटरों के ढेर होने पर बौखलाया
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद गैंग लीडर रोहित गोदारा ने यूपी पुलिस को धमकी दी है। गुरुवार को उसने फेसबुक पर लिखा- हमारे जो दो शूटर्स मारे गए हैं, हम इसका बदला लेंगे। ये एनकाउंटर हमारे जीवन की बहुत बड़ी क्षति है। ये ढेर नहीं, शहीद हुए हैं। हम वो काम कर सकते हैं, जिसकी ये कल्पना भी नहीं कर सकते। इसमें जिसका भी हाथ है, वो चाहे कितना भी पैसे वाला हो या पावर वाला हो, वक्त लग सकता है। माफी नहीं है। दरअसल, 11 और 12 सितंबर को बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग हुई थी। इस मामले में यूपी एसटीएफ ने हरियाणा और दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर बुधवार शाम को गाजियाबाद में दो शूटरों को एनकाउंटर में मार गिराया। इनकी पहचान हरियाणा निवासी अरुण और रविंद्र के रूप में हुई थी। मारे गए रविंद्र और अरुण दोनों पेशेवर शूटर थे। रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के गैंग के सदस्य थे। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम था। इसके अलावा, 11 सितंबर को फायरिंग करने वाले शूटर बागपत निवासी नकुल और विजय अभी फरार हैं। रोहित गोदारा नाम की फेसबुक अकाउंट से गुरुवार सुबह 10.22 बजे पोस्ट हुआ। हूबहू पढ़िए... दिशा पाटनी के पिता बोले- अभी और बदमाश अंजाम तक पहुंचेंगे दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद अभिनेत्री के पिता और रिटायर्ड DSP जगदीश सिंह पाटनी ने सीएम योगी से फोन पर बात की। कहा- मैंने CM सर को थैंक्यू बोला। गुरुवार दोपहर मीडिया ने सवाल किया- आपका परिवार क्या अभी भी किसी तरह का डर या दहशत महसूस कर रहा है? इस पर जगदीश पाटनी ने कहा- जब यूपी में योगी और DGP सर मेरे साथ हैं। पूरे मामले का नेतृत्व कर रहे हैं, पूरा पुलिस प्रशासन मेरे साथ है तो डर किसी बात का नहीं है। निश्चित तौर पर अभी और बदमाश अंजाम तक पहुंचेंगे। अब कोई भी अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति या तो हमारे प्रदेश में जमींदोज हो चुका है या पलायन कर चुका है। अभिनेत्री के घर पर फायरिंग के बाद 15 सितंबर को सीएम ने जगदीश पाटनी से बात की थी। तब योगी ने जगदीश पाटनी को आश्वासन दिया था कि अपराधी चाहे पाताल में हों, यूपी पुलिस उन्हें खोजकर कार्रवाई करेगी। कैसे हुआ बदमाशों का एनकाउंटर, पढ़िए यूपी STF के मुताबिक, बुधवार शाम 7:22 बजे गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी एरिया में चेकिंग की जा रही थी। तभी दो लड़के बाइक पर दिखे। वे चेकिंग देखकर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस जीप पर 4 बुलेट लगी। टीम ने खुद को बचाते हुए बदमाशों पर फायरिंग की। 15 मिनट तक दोनों तरफ से करीब 25 से 30 राउंड फायर हुए। पुलिस की गोली से अरुण और रविंद्र घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौके से ग्लॉक, जिगाना पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। एक सफेद अपाचे भी मिली। माना जा रहा है कि यही वह बाइक है, जिस पर बदमाश बरेली आए और दिशा पाटनी के घर फायरिंग करके लौट गए थे। STF के अनुसार, दोनों बदमाश CCTV में कैद हुए थे। दिशा पाटनी के घर फायरिंग करते वक्त अरुण सफेद शर्ट और रविंद्र नीली टी-शर्ट पहने था। दिशा पाटनी के घर से 2km दूर रुके थे शूटर्स बरेली SP सिटी मानुष पारीक ने गुरुवार सुबह एनकाउंटर को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वह मीडियाकर्मियों को उस होटल पर ले गए, जहां शूटर रविंद्र रुका था। इसके पहले इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) की फुटेज भी दिखाई। कहा- एक्ट्रेस के घर फायरिंग के बाद बरेली पुलिस ने शहर के 1320 सीसीटीवी की जांच की। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए देखते गए कि बदमाश कहां से कहां जा रहे हैं। फिर कहां रुके हैं। ऐसे में एक बदमाश रविंद्र की सटीक लोकेशन मिल गई। 9 सितंबर को फायरिंग का मुख्य आरोपी रविंद्र बरेली के शिकलापुर में रोडवेज बस स्टैंड के पास प्रीत पैलेस होटल में रुका था। यहां रविंद्र सीढ़ी पर मोबाइल चलाते हुए चढ़ते दिख रहा है। यहां वह दो दिन रहा। 11 सितंबर को यहां से चेकआउट कर गया। फिर 12 सितंबर को उसने फायरिंग की। 9 सितंबर को अरुण शिकलापुर में रेलवे स्टेशन के पास हिंद गेस्ट हाउस में रुका था। यहां से दिशा पाटनी के घर की दूरी करीब 2 किमी है। बाकी 2 अन्य बदमाश यहां से करीब 50 किमी दूर रामपुर के आसपास रुके थे। इनकी लोकेशन पुलिस ट्रैस कर रही है। रोहित गोदारा: राजस्थान पुलिस ने रखा है 1 लाख का इनाम रोहित गोदारा बीकानेर में लूणकरणसर इलाके के कपूरीसर का रहने वाला है। वह साल 2010 से अपराध की दुनिया में है। उस समय उसकी उम्र महज 19 साल थी। बीकानेर शहर में रहते हुए मोबाइल रिपेयरिंग करता था, लेकिन धीरे- धीरे अपराध की दुनिया में आगे बढ़ता चला गया। राजस्थान में लॉरेंस बिश्नोई के खास गुर्गों में इन दिनों रोहित गोदारा का नाम सबसे ऊपर है। गैंगस्टर रोहित गोदारा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस के लिए 15 फरवरी को इंटरपोल को लेटर लिखा गया था। साथ ही देश के सभी एयरपोर्ट पर लुक आउट नोटिस जारी है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने पर 5 लाख और राजस्थान पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। गोदारा के खिलाफ राजस्थान में 32 केस दर्ज है। इनमें हत्या, वसूली जैसे मामले हैं। पुलिस के अनुसार रोहित 13 जून 2022 को दिल्ली से दुबई भाग गया था। उसने पवन कुमार के नाम से एक फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। पासपोर्ट बनाने के 2 दिन बाद रोहित दिल्ली से निकला था। दुबई जाने के बाद रोहित को दुबई में खतरा लगा था। इसके बाद अजरबैजान चला गया था। अजरबैजान में उसे पुलिस ने पकड़ा, लेकिन उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं होने पर उसे छोड़ दिया था। अजरबैजान पुलिस ने रोहित को दो बार पकड़ा था। वहां से रोहित फिर दुबई चला गया और अभी वहीं है। अपनी पूरी गैंग को चला रहा है। अब जानिए रोहित गोदारा गैंग क्यों पाटनी परिवार से हुआ नाराज? एक्ट्रेस की बहन खुशबू पाटनी ने कहा था- अनिरुद्धाचार्य का मुंह तोड़ दूंगी 30 जुलाई को दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने एक वीडियो जारी किया था। इसमें कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिव-इन-रिलेशनशिप वाले बयान पर खुशबू ने कहा- ऐसे लोगों का तो मैं मुंह तोड़ दूंगी। अगर ये शख्स मेरे सामने होता तो मैं इसे अच्छे से समझा देती कि 'मुंह मारना' क्या होता है। इसे राष्ट्र विरोधी कहने में मुझे कोई हिचक नहीं। जिस इंसान की सोच इतनी घटिया हो, उसे मंच मिलना ही नहीं चाहिए। खुशबू पाटनी ने सवाल उठाया- अगर कोई लिव-इन में है तो क्या लड़की अकेली है? क्या लड़के शामिल नहीं होते? खुशबू बोलीं- इन्हें समाज के नामर्द फॉलो कर रहे खुशबू ने आगे कहा- ये दुखद है कि ऐसे बद्जुबान लोगों को समाज में फॉलो किया जाता है। समाज के सारे नामर्द इसे फॉलो कर रहे हैं। जो लड़कियों के चरित्र पर उंगली उठाता है, वो किसी भी धर्म या संस्कृति का प्रतिनिधि नहीं हो सकता। सोशल मीडिया पर भी अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर किस आधार पर एक कथावाचक ऐसा भद्दा बयान देता है? क्या धर्म के मंच से इस तरह के प्रवचन दिए जा सकते है? अब भक्त का सवाल और अनिरुद्धाचार्य का जवाब पढ़िए, जिस पर घमासान मचा अनिरुद्धाचार्य के जिस बयान पर विवाद खड़ा हुआ, वह एक कथा के दौरान का है। जिसमें एक भक्त सवाल करता है- गुरु जी राधे-राधे, घर वाले मुझसे शादी करने के लिए बोलते हैं। लेकिन, मुझे थोड़ा डर लगता है। हम आजकल देख रहे हैं बहुत जल्द डिवोर्स हो रहे हैं। जवाब में अनिरुद्धाचार्य ने कहा- इसका एक ही समाधान है। लड़की 14 साल की होगी और 14 साल की कोई लड़की आपके घर दुल्हन बन कर आ जाएगी तो उस समय तो वो बच्ची होगी। समझ रहे हो? लोग फिर जल्दी शादियां करना शुरू कर देंगे। क्योंकि अब लड़कियां लाते हैं 25 साल की, 25 साल की लड़की चार जगह मुंह मार चुकी होती है। वो 25 साल की जब तक आती है तो पूरी जवान हो कर आएगी। स्वाभाविक है कि उसकी जवानी कहीं न कहीं फिसल जाएगी। आज लड़के-लड़कियां 10 के साथ लिव-इन में रह रहे : अनिरुद्धाचार्य इसके अलावा अनिरुद्धाचार्य का एक और वीडियो सामने आया था। जिसमें वह कथा में कह रहे हैं कि पहले के लोग इतने समझदार थे कि लिव-इन की जरूरत नहीं थी। अपनी पत्नी और पति के साथ ही वह लिव-इन में रहा करते थे। आज के लोग क्या कर रहे हैं, पहले 10 लड़कियों या 10 लड़कों के साथ लिव-इन में रह लिया। अब जो 10 के संग रह चुकी है या रह चुका है वो एक के साथ साथ कैसे रहेगी या रहेगा। पहले तो यह सोचो जो 10 जगह मुंह मार चुका है या चुकी है, वो एक के साथ बंधेगी या बंधेगा कभी। हालांकि, विवाद के बाद अनिरुद्धाचार्य ने वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। दिशा पाटनी के पिता की तरफ से दर्ज हुई FIR मैं बालकनी पर खड़ा था, उन्होंने गोली चला दी दिशा के पिता जगदीश ने लिखा- गुरुवार सुबह 4.30 बजे 2 युवक मेरे घर के बाहर फायरिंग करके चले गए थे। तब हम लोग सो रहे थे। फिर शुक्रवार सुबह 3:30 बजे मेरा कुत्ता भौंक रहा था, मुझे संदेह हुआ। तब मैं बालकनी में आया, तो नीचे बाइक सवार 2 लोग दिखे। टोकने पर एक युवक ने मुझे निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। मैंने पिलर के पीछे फर्श पर लेटकर अपनी जान बचाई। जगदीश ने पुलिस को बताया कि मेरी एक बेटी दिशा पाटनी बॉलीवुड में अभिनेत्री है। दूसरी बेटी खुशबू पाटनी मेजर पद से रिटायर होकर मेरे साथ रह रही है। दोनों बेटियां सोशल मीडिया पर पब्लिक फिगर हैं और उनके लाखों फैन हैं। उनकी बेटी को सोशल मीडिया पर भी धमकी दी गई थी। CO फर्स्ट आशुतोष शिवम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके बाइक सवार बदमाशों को ढूंढा जा रहा है। अब पढ़िए जिम्मेदारी लेने वाले गैंग ने फेसबुक पर क्या लिखा... पहला मैसेज एक्ट्रेस के लिए- फेसबुक पर आगे लिखा - इसने हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की है। हमारे आराध्य देवी-देवताओं का अपमान नहीं सहा जाएगा। ये तो बस ट्रेलर था, अगली बार अगर इसने या किसी ने हमारे धर्म के प्रति कुछ भी अभद्रता दिखाई, तो उनके घर में से किसी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। दूसरा मैसेज बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए- पुलिस के पास जिस फेसबुक पेज की पोस्ट की कटिंग वॉट्सऐप पर आई थी। उस अकाउंट को ट्रेस किया गया। मगर यह पेज नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने कैलिफोर्निया फेसबुक ऑफिस को ई-मेल करके जानकारी मांगी है। दिशा पाटनी के घर पर जो हमला हुआ, इसकी जिम्मेदारी लेने वाले रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ कभी लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करते थे। रोहित ने दिशा पाटनी के घर हमला कराने के बाद ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की, जिसमें उसने कहा- मेरा नाम लॉरेंस बिश्नोई के नाम न जोड़ा जाए। --------------------- ये खबर भी पढ़िए- एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले मारे गए: गाजियाबाद में STF के साथ 15 मिनट फायरिंग बरेली में दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दोनों बदमाश मारे गए हैं। गाजियाबाद में बुधवार शाम नोएडा STF, CI यूनिट दिल्ली, हरियाणा पुलिस की टीम ने दोनों का एनकाउंटर कर दिया। बदमाशों की पहचान रोहतक के रविंद्र और सोनीपत के अरुण के रूप में हुई। ये रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के गैंग के थे। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम था। पढ़ें पूरी खबर...