खेलते-खेलते खुले गटर में गिरा 6 साल का बच्चा, मौत:परिजनों ने 3 घंटे बाद निकाला, अस्पताल में तोड़ा दम; पड़ोसी पर लापरवाही का आरोप
रायसेन जिले के खेजड़ा महलपुर गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना में 6 वर्षीय बच्चे शुभम लोधी की मौत हो गई। बच्चा खेलते समय खुले गटर में गिर गया। परिजनों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे गटर से निकाला और तुरंत रायसेन अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि पड़ोसी प्रेम सिंह और सुदीप ने शौचालय का गड्ढा खुदवाया था, लेकिन उसे न तो ढका और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया। इससे पहले इसी गड्ढे में एक गाय भी गिर चुकी थी। बारिश के कारण गड्ढा पानी से भर गया था और दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे खेलते समय शुभम उसमें गिर गया। चाचा संदीप ने बताया कि शाम 6 बजे बच्चा लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान पता चला कि वह गटर में गिर गया है। रात 9 बजे बच्चे को गटर से बाहर निकालकर पहले रायसेन अस्पताल और फिर विदिशा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन दोनों जगह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बोले- पड़ोसी की लापरवाही से हादसा चाचा का आरोप है कि पड़ोसी की लापरवाही से यह हादसा हुआ। अगर शौचालय का गड्ढा ढका होता तो बच्चे की जान बच सकती थी। परिजनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही से किसी और मासूम की जान न जाए। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है। कुछ दिन पहले ही एडमिशन कराया था परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बच्चे का पहली कक्षा में एडमिशन कराया था। उसकी एक तीन साल की छोटी बहन भी है। पिता खेती बाड़ी कर परिवार का गुजारा करते है।
Admin